जब गाँव पूछता है: ‘आप कौन हैं?’
प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्र में भरोसे का संकट
Shaurabh Anand
जब कोई संस्था सामुदायिक प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन के लिए कोई योजना तैयार करती है और उसमें समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए संबन्धित गाँव के समुदाय के पास पहुँचती है तो उसे तमाम किस्म के सवालों का सामना करना पड़ता है।
उदाहरण के लिए संस्था एक गाँव चुनकर वहाँ पानी और चरागाह जैसी बुनियादी सम्पदा की कमी को लेकर बात करती है तो विभिन्न समुदायों के प्रतिस्पर्धी दावे सामने आते हैं। कार्यकर्ताओं के पहुंचते ही गाँव वाले उन्हें संदेह की नज़र से देखने लगते हैं। सवालों की झड़ी लग जाती है। “आप कौन हैं?”, “आप लोग कहाँ से आए हैं?”, “किसके लिए काम करते हैं?, क्या आप सरकार से सम्बन्धित हैं?”, “हमारे सामुदायिक संसाधनों को लेकर आप क्या करेंगे ?”, “आपकी संस्था को अनुदान कहाँ से मिलता है?”, “इस सब में आपका अपना निजी फायदा क्या है?”
यह सिर्फ उन इलाकों में नहीं होता जहाँ संसाधनों की कमी है। जिन इलाकों में संसाधनों की स्थिति थोड़ी बेहतर है, वहाँ भी बाहरी संस्था को लेकर आशंका मौजूद रहती है। लोगों को डर रहता है कि बाहरी दखल से उनका अपने फैसले लेने का अधिकार छिन जाएगा। ऐसे माहौल में एक कार्यकर्ता के लिए अपनी पहचान साबित करना और लोगों का भरोसा जीतना आसान नहीं है।
सामाजिक संस्थाओं को अपनी रणनीति बदलनी होगी — सिर्फ सेवाएँ देने वाले की भूमिका से निकलकर उन्हें एक ऐसी सक्रिय ताकत बनना होगा जो समुदाय के साथ मिलकर भविष्य की दिशा तय करे।
भरोसा केवल किसी संस्था की अच्छी छवि का प्रश्न नहीं है। यह इस बात से जुड़ा होता है कि समुदाय किसी संस्था को अपने संसाधनों, अधिकारों और भविष्य के संदर्भ में किस दृष्टि से देखता है। प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और प्रबंधन के क्षेत्र में काम कर रहे संगठनों के लिए, समुदाय का विश्वास जीतना एक अनिवार्य शर्त है।
इस लेख में हम यह समझने की कोशिश करेंगे कि आज के दौर में यह संदेह इतना गहरा क्यों हुआ है, इसके पीछे क्या कारण हैं और इसे बेहतर कैसे किया जा सकता है। इस लेख में साझा किए गए अनुभव मुख्यतः एक कार्यशाला (विवरण अंत में ) में भाग लेने वाले प्रतिभागियों, खासकर, सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों की बातचीत पर आधारित है।
प्राकृतिक संसाधनों के इर्द‑गिर्द बदलती राजनीति
बढ़ती आबादी, जमीन के बदलते उपयोग और बाज़ार के बढ़ते दबाव ने देश में सामुदायिक प्राकृतिक संसाधनों का प्रबंधन पहले से कहीं ज्यादा उलझा दिया है। कई मामलों में यह देखा गया है कि संसाधनों को लेकर बड़े संस्थागत फैसले स्थानीय लोगों के हितों की अनदेखी करते हुए लिए जाते हैं — उदाहरण के लिए, राजस्थान में ओरण का अधिग्रहण, ओडिशा में खनन, और छत्तीसगढ़ में वन भूमि अधिग्रहण।
राजस्थान के उदाहरण इस बात को बहुत साफ़ रूप से दिखाते हैं। राज्य सरकार ने पिछले कुछ वर्षों में हजारों एकड़ ओरण भूमि सौर ऊर्जा कंपनियों को दे दी। स्थानीय समुदाय इसे सदियों से चराई, जल संग्रह और धार्मिक उपयोग के लिए संरक्षित करता आया था। इस बदलाव ने पशुपालकों समेत कई समुदायों की जीवन‑शैली और आजीविका को सीधे प्रभावित किया है। अब सरकार केवल संसाधनों की संरक्षक नहीं रह गई है। वह निवेश को आकर्षित करने और निजी भागीदारी बढ़ाने में भी सक्रिय हो गई है।
इस बदलाव का सीधा नतीजा यह है कि ग्रामीण समुदायों में बाहरी संस्थाओं पर से भरोसा कम हो गया है। और यह अविश्वास केवल सामाजिक संस्थाओं तक सीमित नहीं है, सरकारी विभाग, निजी कंपनियाँ और राजनीतिक दल सभी संदेह के दायरे में हैं। जब कोई नई सामाजिक संस्था ऐसे माहौल में किसी गाँव में कदम रखती हैं, तो उसे भी उसी संदेह की नज़र से देखा जाता है।
खनन वाले इलाकों में यह स्थिति और भी जटिल हो जाती है। खनन से जुड़े समूह को लगता है कि नई संस्था उनके काम में रुकावट बनेगी। और गाँव के आम लोगों को शक रहता है कि यह किसी कंपनी के कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व कार्यक्रम का हिस्सा है।
“हम आपके यहाँ संसाधन विकसित करेंगे” — कई बार ग़ैर ज़रूरी और थोपा हुआ लगता है। जमीनी कार्यकर्ता की असली चुनौती यही है कि वह समुदाय को यह महसूस करा सके कि संस्था उनकी परंपराओं और स्थानीय ज्ञान को नकारने नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आई है।
जब समुदाय के भीतर ही मतभेद हों
सामाजिक संस्थाएँ आमतौर पर मिलकर काम करने पर भरोसा रखती हैं और चाहती हैं की नयी परियोजना की शुरुआत सबकी सहमति से हो। लेकिन, परियोजना की शुरुआत में ही ‘निजी लाभ’ और ‘सामूहिक जिम्मेदारी’ के बीच का तनाव सामने आ जाता है। गाँव के लोग सामूहिक काम की अहमियत समझते हैं, लेकिन उनकी भागीदारी इस बात पर टिकी रहती है कि यह काम उनके निजी हितों और रोजी-रोटी को किस तरह प्रभावित करेगा।
उदाहरण के लिए, राजस्थान में ओरण केवल चारागाह नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और धार्मिक महत्व वाले सामुदायिक भूभाग भी हैं। लेकिन जब इसके संरक्षण की बात होती है, तो उन किसान परिवारों में बेचैनी और शक पैदा हो जाता है जिन्होंने पिछले कुछ वर्षों में ओरण की जमीन पर अपने खेत फैला लिए हैं। ऐसी स्थिति में संस्था को तटस्थ रहना ज़रूरी होता है — लेकिन तटस्थ रहने का मतलब चुप रहना नहीं है।
कई बार, ये संदेह एक ही जमीन पर दो समुदायों के बीच संसाधन प्रबंधन को लेकर ऐतिहासिक तनाव को दर्शाते हैं। उदाहरण के लिए, खेती करने वाले जमीन के मालिक और पशुपालक। पशुपालक समूह इस बात से आशंकित रहते हैं कि चारागाह जैसे साझा संसाधनों की सुरक्षा के लिए तारबंदी से उनकी पहुंच सीमित हो सकती है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्थाओं के तेज़ी से बाज़ार पर निर्भर होने की वजह से छोटे और मध्यम किसानों की आजीविका का संकट बढ़ा है। ऐसे में कार्यकर्ता को यह ध्यान रखना होता है कि परियोजना की भाषा और उसका तरीका ऐसा न हो कि लोगों को लगे, ‘सबकी भलाई’ के नाम पर किसी एक की रोज़ी-रोटी छीनी जा रही है।
भरोसा केवल किसी संस्था की अच्छी छवि का प्रश्न नहीं है। यह इस बात से जुड़ा होता है कि समुदाय किसी संस्था को अपने संसाधनों, अधिकारों और भविष्य के संदर्भ में किस दृष्टि से देखता है।
संसाधनों पर नियंत्रण और शक्ति का सवाल
समुदाय में काम करते समय अक्सर यह तनाव रहता है कि काम की ज़िम्मेदारी किसकी होगी और फैसले कौन करेगा। जब कोई बाहरी संस्था किसी पशुपालकों , छोटे और मध्यम किसानों या भूमिहीन परिवारों, को केंद्र में रखकर कोई योजना लाती है, तो समुदाय के पारंपरिक रूप से प्रभावशाली वर्गों को यह लगता है कि उनके पुराने अधिकारों और निर्णय लेने की शक्ति को चुनौती दी जा रही है। प्राकृतिक संसाधनों तक पहुँच और नियंत्रण अक्सर समुदाय के आधार पर समान रूप से बटा नहीं होता है। चारागाह या जल स्रोत पर लंबे समय से जिन समुदायों का नियंत्रण रहा है, ज़रूरी नहीं कि वही लोग इन संसाधनों पर सबसे ज़्यादा निर्भर हों। ऐसे में जब कोई संस्था इस असमानता को दूर करने की कोशिश करती है, तो वह अनजाने में पुरानी सत्ता संरचना को चुनौती देने लगती है। इसलिए उसके प्रयासों का सबसे तीखा विरोध भी ऐसे ही हालात में सामने आता है।
ऐसे में जमीनी कार्यकर्ता को यह साफ़ करना चाहिए कि योजना में समुदाय के सभी तबकों की जगह है। उन्हें यह भी साफ़ करना चाहिए कि वे पारंपरिक प्रबंधन को एक झटके में खारिज करने के लिए नहीं आए हैं, बल्कि जो तरीके और नियम अब तक इन संसाधनों को बचाए रखने में कारगर रहे हैं , उन्हें वे आगे ले जाना चाहते हैं।
बदलती आजीविका, बदलती प्राथमिकताएँ
ग्रामीण युवाओं पर हुए शोध बताते हैं कि खेती में उनकी रुचि कम हो रही है और शहरों की तरफ जाने का रुझान बढ़ा है। इसका असर यह है कि जो समुदाय पहले मिलकर सामुदायिक संसाधन जैसे , ओरण या गोचर की देखभाल करते थे, उनमें वह पुरानी साझेदारी कमज़ोर पड़ रही है। नई पीढ़ी के लिए प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ा पुराना रिश्ता अब उतना प्रासंगिक नहीं रह गया है। सरकार का तकनीकी समाधानों पर ज़ोर और जलवायु परिवर्तन के बदलते असर ने मिलकर संसाधनों की उपलब्धता और उपयोग दोनों को बदल दिया है।
ऐसे में किसी सामाजिक संस्था के लिए ऐसी योजना बनाना और उसे ज़मीन पर उतारना कठिन हो जाता है, जो सामाजिक न्याय और प्रकृति का संतुलन दोनों बनाए रख सके। कुछ समुदायों ने अपने दम पर अपने संसाधनों को बचाया है। ऐसे में एक बाहरी संस्था का यह कहना कि “हम आपके यहाँ संसाधन विकसित करेंगे” — कई बार ग़ैर ज़रूरी और थोपा हुआ लगता है। जमीनी कार्यकर्ता की असली चुनौती यही है कि वह समुदाय को यह महसूस करा सके कि संस्था उनकी परंपराओं और स्थानीय ज्ञान को नकारने नहीं, बल्कि उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आई है।
भरोसा कमाने की नई चुनौतियाँ
भरोसे की शुरुआत पारदर्शिता से होती है। जमीनी कार्यकर्ताओं को संस्था के पैसों के स्रोत, उसके दीर्घकालिक उद्देश्यों और काम की सीमाओं की पूरी जानकारी होनी चाहिए। जब कोई ग्रामीण पूछे “आपका पैसा कहाँ से आता है?” तो एक सीधा, साफ़ जवाब ही पहली बार भरोसे की नींव रखता है।
लेकिन पारदर्शिता अकेले काफी नहीं है। किसी नए गाँव में जाते ही योजना सुनाने की जल्दबाज़ी अक्सर उल्टा पड़ जाती है। पहले सुनना ज़रूरी है। लोगों की अपनी प्राथमिकताएँ क्या हैं, उनके पुराने अनुभव कैसे रहे हैं? किस बात से उन्हें डर लगता है। यह सुनना महज़ शिष्टाचार नहीं है। इसी से तय होता है कि संस्था की योजना उस समुदाय के लिए असल में काम आएगी या नहीं।
इसी से जुड़ा एक और बिंदु यह है कि हर समस्या का हल कोई भौतिक हस्तक्षेप नहीं होता। तालाब बनाना या पौधे लगाना ज़रूरी हो सकता है, लेकिन कभी-कभी समुदाय की असली ज़रूरत कुछ और होती है। उनके पारंपरिक ज्ञान को मान्यता मिले, उनकी आवाज़ किसी मंच तक पहुँचे, या उनके बच्चों के लिए कोई शैक्षिक अवसर खुले। ये माँगें उतनी ही वैध हैं। संस्था को यह लचीलापन दिखाना होगा।
आखिर में, परियोजना की भाषा का भी फर्क पड़ता है । शुरुआती बातचीत में “इससे आपको यह फ़ायदा होगा” जैसे जुमले अक्सर संदेह पैदा करते हैं क्योंकि समुदाय के अनुभव में ऐसे वादे पहले भी किए जा चुके हैं। इसके बजाय यह पूछना कि “आपके लिए बेहतरी का मतलब क्या है” संवाद की दिशा बदल देता है।
अब सरकार केवल संसाधनों की संरक्षक नहीं रह गई है। वह निवेश को आकर्षित करने और निजी भागीदारी बढ़ाने में भी सक्रिय हो गई है।
भरोसे का संकट या बदलते समय की हकीकत?
प्राकृतिक संसाधनों के क्षेत्र में काम करने वाली सामाजिक संस्थाओं के सामने जो भरोसे का संकट है, वह दरअसल बदलते सामाजिक, आर्थिक और प्राकृतिक माहौल का आइना है। संगठनों को चाहिए कि वे अपने कार्यकर्ताओं को समुदाय की बात सुनने और उसे सच में समझने के लिए पर्याप्त समय दें। जो संस्थाएँ यह सच स्वीकार करते हुए अपने जमीनी कार्यकर्ताओं को तैयार करती हैं, उनके लिए समुदाय में काम करना आसान हो जाता है।
गाँव के लोग अब किसी योजना के महज लाभार्थी नहीं रहे। बड़े सामाजिक और राजनीतिक बदलावों के बारे में उनकी समझ गहरी हुई है। वे लगातार अपने विकल्पों को परखते परखते रहते हैं। ऐसे में सामाजिक संस्थाओं को अपनी रणनीति बदलनी होगी — सिर्फ सेवाएँ देने वाले की भूमिका से निकलकर उन्हें एक ऐसी सक्रिय ताकत बनना होगा जो समुदाय के साथ मिलकर भविष्य की दिशा तय करे।
नोट:
लेखक परिचय
लेखक, Shaurabh Anand अज़ीम प्रेमजी विश्वविद्यालय, बेंगलुरु में संकाय सदस्य (Faculty Member) हैं।
आभार
यह लेख Centre for Social Ecology, Foundation for Ecological Security (FES), तथा Krishi Avam Paristhitiki Vikas Sansthan (KRAPAVIS) द्वारा संयुक्त रूप से संचालित लूणी नदी परियोजना के अंतर्गत आयोजित एक कार्यशाला में हुई चर्चाओं पर आधारित है। लेखक कार्यशाला में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों, विशेष रूप से सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों, को उनके अनुभवों और विचारों को साझा करने के लिए आभार व्यक्त करते हैं।
लेख में व्यक्त विचार और निष्कर्ष लेखक के व्यक्तिगत विचार हैं। इन्हें किसी भी सहभागी संस्था के आधिकारिक दृष्टिकोण के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।
About the author
Shaurabh Anand is a faculty with the School of Development. He is currently researching human-primate interactions in agricultural landscapes in Southern India. His broader research interests include primate ecology and behaviour, human-wildlife interactions, and landscape ecology.
Image credits: Shaurabh Anand


